यूके की एंग्लिया रस्किन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने बांस की कोंपलों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उनकी स्टडी में यह सामने आया है कि बांस की कोंपलें जल्द ही सुपरफूड बन सकती हैं और स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी हैं।
बांस की कोंपल खाने के फायदे
शोध के अनुसार, बांस की कोंपलें खाने से ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है,
पेट का स्वास्थ्य बेहतर होता है और शरीर में सूजन कम होती है। बांस में मौजूद खास पोषक तत्व शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं। इसे न्यूट्रिशन से भरपूर और विविध तरीकों से खाया जाने वाला आहार माना गया है।
बांस के अंकुरों में पाए जाने वाले पोषक तत्व
बांस पृथ्वी पर सबसे तेजी से बढ़ने वाला पौधा है, जो एक दिन में लगभग 90 सेंटीमीटर तक बढ़ सकता है। बांस के अंकुरों में प्रोटीन प्रचुर मात्रा में होता है, फैट कम होता है और फाइबर सही मात्रा में मौजूद रहता है। इसके अलावा इसमें अमीनो एसिड, पोटैशियम, सेलेनियम और विटामिन ए, बी6, ई, थायमिन और नियासिन जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं।
सेहत के लिए वरदान
स्टडी में यह भी पाया गया कि बांस का सेवन एंटीऑक्सीडेंट और सूजनरोधी गतिविधियों को बढ़ाता है। यह आंतों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, लाभकारी बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है और कोशिकाओं को क्षति से बचाता है। साथ ही बांस खाना तलने या भूनने से बनने वाले हानिकारक केमिकल्स जैसे एक्रिलामाइड और फुरान को कम करने में भी मदद करता है।
विशेषज्ञों की चेतावनी
शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि बांस की कोंपलों को हमेशा अच्छी तरह उबालकर ही खाना चाहिए। कच्चा या अधपका बांस खाने से इसमें मौजूद साइनाइड जैसे जहरीले तत्व थायरॉइड ग्रंथि को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
बांस की कोंपलें न सिर्फ स्वाद में अनोखी हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हैं, इसलिए इसे अपनी डाइट में शामिल करना फायदेमंद साबित हो सकता है।
khabre junction
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें
