बदायूं: 9 बच्चों की 52 साल की महिला अपने से 17 साल छोटे प्रेमी संग गई, कोर्ट ने साथ रहने की दी अनुमति
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। विवाह के 32 साल बाद 9 बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ चली गई। महिला अपने पति और बाकी बच्चों को छोड़कर एक बेटी को साथ लेकर घर से निकल गई।
जानकारी के अनुसार, उसहैत थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला बीस दिन पहले अचानक लापता हो गई थी। परेशान पति ने थाने के चक्कर काटे। आखिरकार पुलिस ने महिला को बरामद कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में महिला ने साफ कहा कि अब वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है, न कि अपने पति और बच्चों के साथ। कोर्ट ने उसके बयान के बाद महिला को प्रेमी के साथ भेजने का आदेश दिया।
पति और बच्चे रह गए मायूस
पति ने बताया कि उसने दिन-रात मेहनत-मजदूरी कर पत्नी और बच्चों की परवरिश की। यहां तक कि चार बीघा जमीन भी पत्नी के नाम करा दी थी, लेकिन इसके बावजूद पत्नी ने साथ छोड़ दिया। आरोप है कि महिला बेटे की बहू के जेवर तक लेकर चली गई। महिला 10 साल की एक बेटी को भी अपने साथ ले गई है, जबकि उसके तीन बच्चे शादीशुदा हैं और उनके भी बच्चे हैं।
52 साल की उम्र में इश्क ने डाली नई करवट
52 वर्षीय इस महिला ने अपने 32 वर्षीय प्रेमी के साथ रहने का फैसला किया है। कोर्ट में दिए गए बयान के बाद पुलिस ने उसे प्रेमी के हवाले कर दिया। इसके बाद महिला प्रेमी के साथ चली गई, जबकि पति अपनी किस्मत को कोसते हुए मायूस होकर घर लौट गया।
यह अनोखी प्रेम कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
