रामपुर। दयावती मोदी अकादमी स्कूल में जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों को एल्बेडाजोल टेबलेट खिलाने के अभियान की विधिवत शुरुआत की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी दीपा सिंह ने बच्चों को एल्बेडाजोल टेबलेट खिलाकर किया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को फास्ट फूड से दूर रहने, स्वच्छता अपनाने और पौष्टिक भोजन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटी.छोटी आदतें ही बच्चों को बीमारियों से दूर रख सकती हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी दीपा सिंह ने बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की गंभीरता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। एल्बेडाजोल टेबलेट कृमि संक्रमण से बचाव में प्रभावी है, जिससे बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है, उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और वे पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने सभी बच्चों और अभिभावकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा आराध्या श्रीवास्तव ने कृमि मुक्ति एवं स्वच्छता को लेकर एक जागरूकता पूर्ण भाषण दिया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ् सुमन तोमर ने कहा कि विद्यालय हर बच्चे के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। इसी उद्देश्य से समय.समय पर विद्यालय में चिकित्सा शिविर, खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं तथा बच्चों के लिए फिटनेस जोन की व्यवस्था की गई है। बच्चों के खान.पान पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को सराहनीय बताते हुए सभी से इसमें सक्रिय सहयोग करने की अपील की और अंत में सभी अतिथियों व स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन रितुपरनासेन गुप्ता एवं रश्मि आहूजा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल, डिप्टी सीएमओ संतोष कुमार, डिप्टी आरण्केण् वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय सुरक्षा स्वास्थ्य कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर मोहम्मद उबैस सहित अन्य अधिकारी एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
