दो दिन भी नहीं टिक पाई अटल जी की प्रतिमा, असामाजिक तत्वों ने किया खंडित

  • रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार

मोदीनगर। गोविंदपुरी क्षेत्र में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि प्रतिमा की स्थापना को अभी दो दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि अराजक तत्वों ने इस शर्मनाक घटना को अंजाम दे दिया।

जानकारी के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर क्षेत्र में अटल चौक का नामकरण किया गया था और उसी अवसर पर चौक पर उनकी प्रतिमा की विधिवत स्थापना की गई थी। प्रतिमा के खंडित होने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी देखने को मिली। नागरिकों का कहना है कि यह सिर्फ एक प्रतिमा को नुकसान पहुँचाने की घटना नहीं है, बल्कि देश के महान राष्ट्रनायक के सम्मान पर सीधा हमला है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

वहीं स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन लोगों में रोष और आक्रोश साफ नजर आ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.