मध्य प्रदेश, दिसंबर 2025। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि के अवसर पर अपना दल (एस) मध्य प्रदेश इकाई द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने लौह पुरुष के जीवन, विचारों और देश की एकता व अखंडता के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी श्री आर. बी. सिंह पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और सशक्त नेतृत्व से सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के ऐतिहासिक कार्य आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके आदर्शों को अपनाकर ही राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करते रहेंगे तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर देश सेवा में योगदान देंगे।
