अनुपम खेर और बेटे सिकंदर का फनी वीडियो वायरल, ‘थप्पड़’ सीन ने मचाया सोशल मीडिया पर हंगामा

सीनियर अभिनेता अनुपम खेर और उनके बेटे सिकंदर खेर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोग हैरान भी हैं और हंसी से लोटपोट भी, क्योंकि इसमें एक बेटे को सरेआम अपने पिता को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया है। हालांकि, यह पूरा वीडियो मजाक और हल्के-फुल्के अंदाज में बनाया गया है।

बॉलीवुड अभिनेता सिकंदर खेर ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में सिकंदर अपने पिता अनुपम खेर के पास खड़े नजर आते हैं और बताते हैं कि हाल ही में अनुपम खेर ने दांत निकलवाया है, जिसकी वजह से उनके गाल का एक हिस्सा सुन्न हो गया है। इसी दौरान सिकंदर एक लाइन बोलते हैं, जिसमें एक शख्स अपने पिता को थप्पड़ मार देता है।

जब सिकंदर अपना हाथ अनुपम खेर के चेहरे के पास ले जाते हैं, तो अनुपम पूछते हैं, “क्या करने वाले हो?” सिकंदर के हाव-भाव देखकर अनुपम खेर को अंदेशा हो जाता है कि बेटा उन्हें थप्पड़ मारने वाला है। इस पर अनुपम मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “ज्यादा जोर से लगा तो उल्टे हाथ का मारूंगा, तेरी नाक तोड़ दूंगा।” इसके बाद सिकंदर कहते हैं, “क्या करोगे आप?” और फिर हाथ बढ़ाते हैं। इस पर अनुपम खेर दिलीप कुमार का मशहूर डायलॉग भी बोलते हैं, जिससे माहौल और हल्का-फुल्का हो जाता है।

अनुपम खेर ने किया मना

वीडियो में आगे दिखाया गया है कि जब अनुपम खेर को लगता है कि सिकंदर सच में थप्पड़ मार सकते हैं, तो वह अपना चेहरा दूसरी तरफ कर लेते हैं और समझाते हैं, “नहीं… नहीं बेटा, ऐसा नहीं करते।” लेकिन सिकंदर की जिद के बाद वह हल्के से अपने पिता के गाल को छू लेते हैं। इसके बाद सिकंदर कहते हैं कि वह इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करेंगे, जिस पर अनुपम खेर मजाक में कहते हैं कि यह उनका पर्सनल मामला है और इसे पोस्ट नहीं करना चाहिए।

दोनों के बीच की यह नोकझोंक और मजेदार बातचीत लोगों को खूब पसंद आ रही है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो को फनी और दिल छू लेने वाला बता रहे हैं।

गौरतलब है कि अनुपम खेर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह अक्सर अपने विचारों के साथ-साथ अपनी मां दुलारी के साथ भी वीडियो शेयर करते रहते हैं। कुछ समय पहले उन्होंने एक वीडियो के जरिए यह संदेश भी दिया था कि माता-पिता को हमेशा खास महसूस कराना चाहिए, क्योंकि वे अनमोल होते हैं। अनुपम खेर न सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता हैं, बल्कि अपनी जिंदादिली और सकारात्मक सोच के लिए भी जाने जाते हैं।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.