अमृतसर के झब्बाल रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है। मृतक महिला की पहचान 70 वर्षीय कमलेश रानी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार कमलेश रानी घर में अकेली थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने महिला को बेहोशी की हालत में पाया और तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की बारीकी से जांच की। फोरेंसिक टीम को भी सबूत एकत्र करने के लिए बुलाया गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके।
मीडिया से बातचीत में एडीसीपी विशालजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना गेट हकीमा की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार की स्पष्ट चोट या घाव के निशान नहीं मिले हैं।
उन्होंने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। पुलिस द्वारा परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार घर के अंदर सामान इधर-उधर बिखरा हुआ मिला और अलमारी भी खंगाली हुई थी, जिससे चोरी की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में इलाके में चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
