लखीसराय में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कजरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का आयोजन +2 उच्च विद्यालय नरोत्तम, कजरा में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार ने की।इस अवसर पर छात्राओं द्वारा तैयार हस्त पेंटिंग अतिथियों को भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद बाल विवाह के दुष्परिणामों पर आधारित मार्मिक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।कार्यक्रम का संचालन शिक्षक शांतनु कुमार ने किया। उन्होंने अतिथियों का परिचय कराते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने संबोधित करते हुए बताया कि कानूनन बालिकाओं की विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं बालकों की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे पूर्व विवाह होने पर जुर्माना एवं कारावास दोनों का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ गंभीर अपराध भी है, जो बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और पूरे भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने चिंता जताते हुए बताया कि बाल विवाह के मामलों में लखीसराय जिला बिहार में प्रथम तथा देश में द्वितीय स्थान पर है, जो समाज के लिए कलंक समान है।सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमार ने कहा कि बाल विवाह से बालिका का संपूर्ण जीवन प्रभावित हो जाता है, जिससे वह जीवनभर उबर नहीं पाती। उन्होंने बाल विवाह व घरेलू हिंसा की स्थिति में 181 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की तथा सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की जानकारी दी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकार मित्र अजय कुमार यादव ने कहा कि सशक्त समाज निर्माण के लिए बाल विवाह का विरोध आवश्यक है। बाल विवाह न व्यक्ति के हित में है और न समाज के। उन्होंने कानूनी सहायता के लिए टॉल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी दी।अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सामूहिक रूप से बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, वरीय शिक्षक गुरुदेव प्रसाद मालाकार, इंद्रजीत कुमार वर्मा, राजन झा, सोनम कुमारी, इंदु प्रिया, आशुतोष शुक्ला, सीआरसी से जुड़े सभी प्रधान शिक्षक एवं दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.