पहलगाम की घटना के बाद दोनों देशों में बढ़े तनाव के बीच केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, कल देशभर में होगा मॉक ड्रिल

अमृतसर में दो स्थानों पर किया जाएगा अभ्यास, शाम 4 बजे बजेगा सायरन, ब्लैकआउट का भी कार्यक्रम तय

अमृतसर। पहलगाम में हाल ही में हुई घटना के बाद भारत और पड़ोसी देश के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक अहम फैसला लेते हुए 7 मई को देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में अमृतसर में भी दो स्थानों — रामतीर्थ रोड और अजनाला रोड — पर मॉक ड्रिल की जाएगी।

सिविल डिफेंस अधिकारियों ने बताया कि यह अभ्यास किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस दौरान घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह केवल एक अभ्यास है।

शाम 4 बजे बजेगा सायरन, जनता को सतर्क रहने की सलाह

सिविल डिफेंस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 4 बजे शहर में कुल 12 सायरन एक साथ बजेंगे। यह सायरन हवाई हमले की चेतावनी के तौर पर बजाए जाएंगे। आम जनता से अनुरोध किया गया है कि सायरन सुनते ही ऊंची इमारतों से बाहर निकलकर जमीन या भूतल की ओर जाएं। यदि संभव न हो तो किसी पेड़ के नीचे शरण लें। इमारतों के भीतर रहने वालों को खिड़कियों, विशेष रूप से कांच की खिड़कियों से दूर रहना चाहिए।

उन्होंने यह भी बताया कि इस अभ्यास के दौरान सड़कों पर चल रहे वाहनों और पैदल यात्रियों को आपातकालीन वाहनों, जैसे दमकल और एम्बुलेंस, को रास्ता देना होगा। यह ड्रिल सिविल डिफेंस द्वारा यह परखने के लिए की जा रही है कि आपातकालीन सेवाएं कितनी तत्परता से कार्य कर रही हैं और सायरनों की ध्वनि कितनी प्रभावी है।

रात 10:30 बजे से होगा ब्लैकआउट अभ्यास

सिविल डिफेंस अधिकारी ने जानकारी दी कि इसी क्रम में 7 मई को रात 10:30 बजे से 11 बजे तक एक ब्लैकआउट अभ्यास भी किया जाएगा। इस दौरान पूरे शहर की लाइटें बंद कर दी जाएंगी। जनता से अपील की गई है कि वे अपने घरों में इनवर्टर और जनरेटर भी बंद रखें। यदि रोशनी की आवश्यकता हो तो उसका प्रकाश बाहर न जाए इसका विशेष ध्यान रखें।

सोलर लाइट्स और ऑटोमेटिक सीसीटीवी जैसी रोशनी फैलाने वाली वस्तुओं को भी इस दौरान बंद रखने की सलाह दी गई है, ताकि पूरा शहर अंधकारमय दिखाई दे और युद्ध जैसी स्थिति में वास्तविक स्थिति का आकलन हो सके।

वाहनों को कच्ची सड़कों पर खड़ा करने की सलाह

ब्लैकआउट के दौरान यदि कोई वाहन सड़क पर हो तो उसे तुरंत बंद कर देना चाहिए और मुख्य सड़क से हटाकर कच्ची सड़क या किनारे पर खड़ा कर देना चाहिए। यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकि किसी आपातकाल में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सरकारी एजेंसियां तत्परता से कार्रवाई कर सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.