ईरान के तनाव के बीच अमेरिका ने भेजा दुनिया का सबसे महंगा वॉरशिप, USS गेराल्ड आर. फोर्ड मिडिल ईस्ट रवाना
वॉशिंगटन/मिडिल ईस्ट : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच United States ने अपना सबसे महंगा और अत्याधुनिक एयरक्राफ्ट कैरियर USS गेराल्ड आर. फोर्ड क्षेत्र की ओर रवाना कर दिया है। हाल ही में राष्ट्रपति Donald Trump ने Iran को उसके न्यूक्लियर प्रोग्राम पर समझौता करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद यह तैनाती रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
13 बिलियन डॉलर की लागत, 12 साल में हुआ तैयार
USS गेराल्ड आर. फोर्ड को जुलाई 2017 में आधिकारिक रूप से United States Navy में शामिल किया गया था। इसके निर्माण से लेकर कमीशनिंग तक करीब 12 साल लगे और इसकी लागत लगभग 13 बिलियन डॉलर (करीब 83,928 करोड़ रुपये) आई। इस वजह से इसे दुनिया का सबसे महंगा वॉरशिप माना जाता है। यह अमेरिका के निमित्ज-क्लास कैरियर की जगह लाया गया, जिसने 51 साल की सेवा के बाद 2012 में रिटायरमेंट लिया।
5 एकड़ का फ्लाइट डेक, 75 विमान तैनात करने की क्षमता
इस वॉरशिप का फ्लाइट डेक 5 एकड़ में फैला है, जिस पर एक समय में 75 विमान तैनात किए जा सकते हैं। युद्ध की स्थिति में इससे प्रतिदिन 220 उड़ानें भरी जा सकती हैं। इसके सिस्टम को भविष्य में लेजर हथियारों से भी अपग्रेड किया जा सकता है।
400 स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के बराबर वजन
इसका कुल वजन लगभग 1 लाख टन है, जो करीब 400 स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी के बराबर बताया जाता है। एक स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी का वजन लगभग 225 टन है। यह वॉरशिप 1,106 फुट लंबा, 256 फुट चौड़ा और करीब 250 फुट ऊंचा है। इसके निर्माण में लगभग 1 करोड़ फीट वायर का इस्तेमाल हुआ है।
4,660 कर्मचारी रह सकते हैं साथ
USS फोर्ड पर एक साथ 4,660 कर्मचारी तैनात रह सकते हैं। इसमें रोजाना 15,000 लोगों के लिए भोजन तैयार करने की क्षमता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पोत जून 2025 से समुद्र में तैनात है और इसके क्रू की तैनाती आठ महीने से अधिक समय तक चल सकती है।
पहले भी हो चुकी है रणनीतिक तैनाती
अमेरिका ने वेनेजुएला में सैन्य दबाव के दौरान भी इस वॉरशिप को कैरेबियन सागर में तैनात किया था। अब यह पर्शियन गल्फ क्षेत्र में अन्य अमेरिकी युद्धपोतों, गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर्स, फाइटर जेट्स और सर्विलांस एयरक्राफ्ट के साथ शामिल होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि USS गेराल्ड आर. फोर्ड की तैनाती से मिडिल ईस्ट में अमेरिका की सैन्य उपस्थिति और रणनीतिक क्षमता को बड़ा बल मिलेगा।
khabre junction
