पोर्ट ब्लेयर। एयर इंडिया का एक विमान पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डे पर रात में सफलतापूर्वक उतरा, एक आधिकारिक बयान में कहा गया।
एयर इंडिया एयरबस ए321 में 68 यात्री सवार थे, जो शुक्रवार शाम को आईएनएस उत्क्रोश पर उतरा। आईएनएस उत्क्रोश अंडमान और निकोबार कमांड (एएनसी) के अधीन है और यह पोर्ट ब्लेयर में वीर सावरकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर में ही स्थित है।
अंडमान और निकोबार कमांड द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, “विमान शाम करीब 5.40 बजे कोलकाता से रवाना हुआ और शाम 7.34 बजे पोर्ट ब्लेयर में सफलतापूर्वक उतरा। विमान यात्रियों को उतारने के लिए वीर सावरकर अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल की ओर बढ़ा।”
बयान में कहा गया है, “रात में यह सफल लैंडिंग अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के लिए हवाई संपर्क बढ़ाने, द्वीपवासियों को लाभ पहुंचाने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह ऐतिहासिक घटना पिछले कुछ वर्षों में भारतीय नौसेना, अंडमान और निकोबार कमांड (एएनसी) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के लगातार प्रयासों से संभव हो पाई है।”
बयान में कहा गया है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए एएएल ने वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) को कैट-1 में अपग्रेड किया है। अंडमान और निकोबार कमांड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “उत्क्रोश एयरफील्ड दिन और रात दोनों तरह के परिचालन को संभालने में पूरी तरह सक्षम है।
इसके रणनीतिक महत्व के अलावा, ये विकास क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने और ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (उड़ान) योजना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
उन्होंने निजी एयरलाइन ऑपरेटरों से पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डे पर रात में लैंडिंग और टेकऑफ़ सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
