आज़म ख़ान से मुलाक़ात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का सरकार पर हमला — कहा, “भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है”

रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने आज रामपुर में आज़म ख़ान से मुलाक़ात की और इसके बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज़म ख़ान के साथ की गई कार्रवाई पूरी तरह दुर्भावनापूर्ण है और भाजपा लोकतंत्र के मूल्यों की हत्या कर रही है।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, “भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की है। आज़म ख़ान के साथ जो कुछ हुआ, वह दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई है। लोकतंत्र के लिए यह अशोभनीय और अशमय कदम है। भाजपा सरकार जो बदले की भावना से काम कर रही है, वह खुद उसी के बीज बो रही है। लोकतंत्र पर इसका असर नहीं पड़ेगा, लेकिन परंपरा के शिकार बीजेपी वाले भी हो सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि राजनीति विचारधारा और संवाद का माध्यम होती है, दुश्मनी निभाने का नहीं। “राजनीति में विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन जब संवाद दिल से होता है तो सब एक साथ खड़े होते हैं। इस तरह से दुश्मनी निभाकर भाजपा सरकार ने अपनी गरिमा गिराई है। सरकार की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है।”

स्वामी प्रसाद मौर्य की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब आज़म ख़ान पर चल रहे मामलों को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध के आरोप लगा रहा है। वहीं, रामपुर में उनकी यह मुलाक़ात सियासी हलकों में नए समीकरणों की चर्चा को भी जन्म दे रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.