3 जनवरी से अशोक धाम में शुरू होगी मोरारी बापू की रामकथा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज,डीएम-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
लखीसराय(सरफराज आलम)अशोक धाम में 3 जनवरी से प्रस्तावित श्री मोरारी बापू की रामकथा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने संयुक्त रूप से आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं समग्र प्रशासनिक तैयारियों का आकलन करना रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल के प्रवेश व निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन निकास, अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा चिकित्सा सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की गुंजाइश न रहे।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल व महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर जोर दिया। साथ ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी पूर्व से आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने आयोजक समिति के सदस्यों से संवाद कर प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि रामकथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर परिषद को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।
