लखीसराय में भयमुक्त मतदान के लिए प्रशासनिक सक्रियता, CISF के साथ SDM और SDPO ने किया ‘एरिया-डोमिनेशन’
- रिपोर्ट- सरफराज आलम
लखीसराय। चुनाव को शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के सख्त निर्देशानुसार, अनुमंडल स्तर के शीर्ष अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने सीआईएसएफ जवानों के साथ वीरुपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न चेक-पोस्टों एवं मतदान बूथों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण का मुख्य फोकस सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना और चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना था। अधिकारियों ने न केवल सुरक्षा मानकों की समीक्षा की, बल्कि ‘एरिया-डोमिनेशन’ अभियान भी चलाया। इस दौरान, सुरक्षा बल क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में घूमकर लोगों को यह भरोसा दिला रहे थे कि वे बिना किसी डर के मतदान कर सकते हैं।
एरिया-डोमिनेशन का उद्देश्य आम जनता में चुनाव को लेकर उत्साहवर्धन करना और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देना था। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
एसडीपीओ शिवम कुमार और एसडीओ प्रभाकर कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रशासन एक निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
