आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ ने जीता दिल, स्मृति ईरानी ने की तारीफ—कहा, “यह सिर्फ फिल्म नहीं, जिंदगियों की गूंज है”
आदित्य धर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज भी इसकी प्रशंसा कर रहे हैं। अब इस सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री और अभिनेत्री स्मृति ईरानी का नाम भी शामिल हो गया है।
बुधवार को स्मृति ईरानी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म के कलाकारों और निर्देशक आदित्य धर की तस्वीरें साझा करते हुए फिल्म की जमकर सराहना की।
उन्होंने लिखा कि यदि आपने कभी किसी शहीद सैनिक की पत्नी की आंखों में दर्द देखा हो, उसे श्मशान घाट तक जाते देखा हो, जम्मू के जगती कैंप का दर्द महसूस किया हो, संसद हमले या 26/11 मुंबई हमले के गवाहों से बात की हो, तो इस फिल्म की किसी भी बात से गुस्सा होने की जरूरत नहीं है। आखिर यह सिर्फ एक फिल्म है।
स्मृति ईरानी ने ‘धुरंधर’ को एक गहरी संवेदनशील रचना बताते हुए कहा, “यह कोई साधारण फिल्म नहीं, बल्कि उन जिंदगियों की गूंज है, जो जी गईं और खो गईं। अगर सिनेमा आपको इतना महसूस करा दे, तो उसे गुस्से की नहीं, सम्मान की जरूरत है।”
उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की रिसर्च और निर्देशन की विशेष प्रशंसा करते हुए लिखा कि आदित्य एक बेहतरीन स्टोरीटेलर हैं, जिनकी रिसर्च क्षमता उनसे भी आगे की चीज है।
रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे सितारों से सजी ‘धुरंधर’ अपनी भावनात्मक गहराई और दमदार प्रस्तुति के कारण दर्शकों के दिलों में खास जगह बना रही है।
