बरसाती पानी की जल्द निकासी के लिए फिल्ड में उतरी अतिरिक्त टीम
अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने वीरवार को शहरी क्षेत्र का दौरा कर जल निकासी प्रबंधों का लिया जायजा
ऐलनाबाद,सिरसा (एम पी भार्गव): बारिश के मौसम के चलते सिरसा में पानी की निकासी को लेकर नगर परिषद व जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की टीमें लगातार काम कर रही है। अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने वीरवार को शहरी क्षेत्र का दौरा किया और जल निकासी प्रबंधों का जायजा लिया।
शहर में जलभराव की समस्या के तेजी से निपटान के लिए जहां नगर परिषद के कर्मचारी जुटे हुए हैं। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा तीन एसडीओ अजय कुमार ढाका, रूपराम नांगल, विशाल ज्याणी और चार जेई की टीम जल निकासी के प्रबंधों के लिए फिल्ड में उतरी है। नगर परिषद की 10 सदस्यीय अतिरिक्त टीम भी शहर में ऐसे प्वाइंट चिन्हित कर रही है, जिसे दुरुस्त करने की जरूरत हो तो जलभराव से पहले दुरुस्त कर लिए जाए ताकि बारिश होने की स्थिति में जलभराव न हो।
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ अजय कुमार ढाका ने बताया कि केलनियां व नटार एसटीपी पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा कंगनपुर, खैरपुर, बाल भवन डिस्पोजल प्वाइंट भी सही तरीके से कार्य कर रहे हैं। वहीं सुरखाब चौक पर अतिरिक्त पंप सैट लगाकर पानी की निकासी की जा रही है। इसके अलावा अनाजमंडी में मॉडल संस्कृति स्कूल के पास भी पंप सैट लगाया गया है। एसडीओ अजय कुमार ढाका ने बताया कि एसडीओ की टीम के अलावा जल निकासी के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के चार जेई गुरप्रीत सिंह, देवकरन, सुशील कुमार, रोहताश कुमार की टीम लगातार कार्य कर रही है।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने कहा कि शहर में जल्द पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके अलावा अधिकारियों को अतिरिक्त पंप सैट की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर में जलभराव की स्थिति न हो। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पंप सैट या मोटर खराब न हो। प्रत्येक पंप सैट को बरसात होते ही चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पानी निकासी प्राथमिकता के साथ करें और कहीं पर कोई रूकावट आती है तो उसे तत्काल दूर करें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि शहर में जल्द से जल्द पानी निकासी हो।
