ऐलनाबाद ,सिरसा, 20 मई (एम पी भार्गव): हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों में 20 नागरिक शिकायत लेकर पहुंचे। स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जहां अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने आमजन की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को तत्परता से निवारण के निर्देश दिए। वहीं उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि विभागाध्यक्ष आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ करें, ताकि आमजन को असुविधा न हो और सरकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले शिकायतों के शीघ्र निपटान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने बताया कि जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक आमजन की शिकायतों के निदान के लिए समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आमजन से अपील है कि वे निर्धारित समय अनुसार आयोजित होने वाले समाधान शिविर में आएं और अपनी समस्याएं रखें, जिनका प्राथमिकता के साथ तय समय में समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
