सिरसा के समग्र विकास को दर्शाती पेंटिंग का एडीसी ने किया लोकार्पण
- जिले के राजकीय स्कूलों में आयोजित करवाई गई थी पेंटिंग प्रतियोगिता, जिला स्तर पर 200 से ज्यादा कलाकृतियों के आधार पर तैयार हुई है यह पेंटिंग-
ऐलनाबाद ,सिरसा, 14जून(एम पी भार्गव): अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में सिरसा के समग्र विकास को दर्शाती पेंटिंग का लोकार्पण किया। जिले के राजकीय स्कूलों में आयोजित करवाई गई पेंटिंग प्रतियोगिताओं के आधार पर 200 से ज्यादा कलाकृतियों के आधार पर यह पेंटिंग बड़ागुढा स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की कला अध्यापिका प्रवीण रानी के नेतृत्व में छात्रा निशा व प्रियंका द्वारा तैयार की गई है।
पत्रकार वार्ता में एडीसी ने बताया कि सिरसा के बारे में स्टूडेंट्स के विचार पेंटिंग के माध्यम से मांगे गए थे, जिसके बाद 200 से अधिक स्टूडेंट्स ने पेंटिंग के जरिए सिरसा के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया। उन्होंने बताया कि इस कलाकृति में सबसे ऊपर लड़ाकू विमान को दर्शाया गया है, जो सिरसा एयरफोर्स स्टेशन की हवाई ताकत को दर्शाता है। इसके बाद एस शब्द से किन्नू व सिरसा की बागवानी को शामिल किया है। आई शब्द से सरसाई नाथ मंदिर को दर्शाया गया है, क्योंकि सिरसा संत सरसाई नाथ जी की पुण्यभूमि है। आर शब्द से हमारे किसानों की मेहनत को गेहूं-धान सहित अन्य फसलों की उन्नत खेती के रुप में दर्शाया गया है। एस शब्द से सफेद झींगा के रूप में सिरसा की प्रसिद्धि दर्शाई गई है। हरियाणा में सबसे अधिक झींगा मछली उत्पादन सिरसा में है। ए शब्द से एजुकेशन स्पिरिट व खेल में हॉकी को दर्शाया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में सिरसा के खिलाड़ियों की पहचान है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने लघु सचिवालय के सभागार में मीडिया से बातचीत में कहा कि जिले के विद्यार्थी सिरसा के बारे में क्या सोचते और जानते हैं, इसे पेंटिंग के रूप में तैयार करना था और इसी विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता करवाई गई। इस प्रतियोगिता में स्कूलों से जिला स्तर पर 200 कलाकृति प्राप्त हुई थी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और विभिन्न विषयों पर जागरूकता बढ़ाने के लिए एक्टिविटी करवाई जाती है। अतिरिक्त उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिन विद्यार्थियों ने पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया है, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान सरसाई नाथ मंदिर के महंत सुंदराई नाथ, जिला शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश, जिला खेल अधिकारी जगदीप सिंह, किसान रणजीत सिंह, किन्नु उत्पादक तारा चंद, गेहूं उत्पादक कलम रोज, वरिष्ठ हॉकी कोच हरविंद्र आदि मौजूद रहे।
