जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी जेसीआर से अदाणी ग्रुप की तीन कंपनियों को मिली ऐतिहासिक रेटिंग

अहमदाबाद, 30 जनवरी, 2026।जापान की प्रमुख रेटिंग एजेंसी जापान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी (जेसीआर) ने अदाणी ग्रुप के पोर्टफोलियो की तीन प्रमुख कंपनियों—अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (एपीएसईजेड), अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल)—की विदेशी मुद्रा में दीर्घकालिक क्रेडिट रेटिंग शुरू की है। जेसीआर ने तीनों कंपनियों के लिए आउटलुक ‘स्थिर’ रखा है। इसे अदाणी ग्रुप की वैश्विक क्रेडिट यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे ग्रुप की मजबूत वित्तीय साख को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिली है।

जेसीआर ने अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) को ए– (स्थिर) रेटिंग प्रदान की है। यह रेटिंग विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि किसी अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी द्वारा किसी भारतीय कॉर्पोरेट को संप्रभु सीमा से ऊपर की रेटिंग मिलना दुर्लभ माना जाता है।

वहीं अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) को बीबीबी+ (स्थिर) रेटिंग दी गई है, जो भारत की संप्रभु रेटिंग बीबीबी+ के समकक्ष है।

एपीएसईजेड को मिली मजबूत रेटिंग उसकी सुदृढ़ क्रेडिट स्थिति, विविध परिसंपत्तियों और स्थिर नकदी प्रवाह को दर्शाती है। इसके साथ ही कंपनी उन चुनिंदा भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों में शामिल हो गई है, जिन्हें किसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी से देश की रेटिंग से बेहतर दर्जा प्राप्त हुआ है।

इन रेटिंग्स को इस दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि यह उन शुरुआती अवसरों में से एक है, जब किसी भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म का इस स्तर पर जेसीआर द्वारा मूल्यांकन किया गया है। इससे वैश्विक रेटिंग एजेंसियों के साथ अदाणी ग्रुप का बढ़ता जुड़ाव और अंतरराष्ट्रीय क्रेडिट मानकों के अनुरूप उसका तालमेल स्पष्ट होता है।

अदाणी ग्रुप के ग्रुप सीएफओ जुगेशिंदर सिंह ने कहा कि यह रेटिंग्स वित्तीय अनुशासन, मजबूत बैलेंस शीट और विविध इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म पर विश्वस्तरीय संचालन के प्रति अदाणी ग्रुप की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि यह मान्यता बिजनेस मॉडल की मजबूती और स्थिरता को प्रमाणित करती है और यह दिखाती है कि वैश्विक ऋणदाता, संस्थागत निवेशक और पूंजी बाजार ग्रुप की दीर्घकालिक रणनीति पर भरोसा करते हैं।

जेसीआरए द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एपीएसईजेड के 15 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय बंदरगाहों के विविध पोर्टफोलियो के माध्यम से देश के लगभग 30 प्रतिशत कार्गो और 50 प्रतिशत कंटेनर वॉल्यूम का संचालन किया जा रहा है। वहीं एईएसएल ऊर्जा ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन और स्मार्ट मीटरिंग में तेज़ी से विस्तार कर देश की ऊर्जा संरचना को मजबूत बना रही है। दूसरी ओर, एजीईएल भारत की अग्रणी नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादक कंपनी के रूप में अपनी स्थिति को लगातार सुदृढ़ कर रही है।

कुल मिलाकर, जेसीआर से मिली यह ऐतिहासिक रेटिंग अदाणी ग्रुप की वैश्विक साख, वित्तीय मजबूती और भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में उसकी अहम भूमिका को और सुदृढ़ करती है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.