आदाणी समूह अगले पांच वर्षों में करेगा 15-20 अरब डॉलर का निवेश, खावड़ा में बनेगा विश्व का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क – गौतम आदाणी
नई दिल्ली। उद्योगपति गौतम आदाणी ने मंगलवार को आदाणी समूह की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि समूह आने वाले पांच वर्षों में 15 से 20 अरब डॉलर (लगभग 1.2 से 1.6 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करेगा। यह निवेश समूह के विभिन्न क्षेत्रों में अगले विकास चरण को आगे बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
गौतम आदाणी ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि आदाणी समूह का कोई भी सदस्य अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा विदेशी भ्रष्टाचार प्रथाओं अधिनियम (FCPA) उल्लंघन में आरोपित नहीं है। उन्होंने कहा, “सारी शोर-शराबे के बावजूद सच्चाई यह है कि आदाणी समूह का कोई भी व्यक्ति FCPA के उल्लंघन या न्याय में बाधा डालने की साजिश में शामिल नहीं पाया गया है।”
- प्रमुख उपलब्धियां:
आदाणी पावर ने 100 अरब यूनिट बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया है – जो किसी निजी कंपनी के लिए पहली बार है। वर्ष 2030 तक इसकी क्षमता 31 गीगावॉट तक पहुंचने की संभावना है। - आदाणी ग्रीन गुजरात के खावड़ा में विश्व का सबसे बड़ा नवीकरणीय ऊर्जा पार्क बना रहा है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक 50 गीगावॉट है।
- आदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने स्मार्ट मीटरिंग व हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन के क्षेत्र में लगभग ₹44,000 करोड़ के ऑर्डर प्राप्त किए हैं और ₹13,600 करोड़ की स्मार्ट मीटरिंग परियोजनाओं को क्रियान्वित कर रहा है।
- आदाणी पोर्ट्स ने 450 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो हैंडल करके भारत के व्यापार का प्रमुख केंद्र बनने का गौरव प्राप्त किया है।
- ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में आदाणी समूह द्वारा विकसित ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम ने अहम भूमिका निभाई। गौतम आदाणी ने कहा, “हमारे ड्रोन सेना की आंख और तलवार बने, और एंटी-ड्रोन सिस्टम ने सैनिकों व नागरिकों की रक्षा की।”
एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम आदाणी ने अपने संबोधन में कहा कि समूह का उद्देश्य केवल व्यापारिक साम्राज्य खड़ा करना नहीं है, बल्कि “नई संभावनाओं का निर्माण करना है।”
