चित्तौड़गढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: आय से 43% अधिक संपत्ति रखने पर इंजीनियर दंपति गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़, 23 अप्रैल — भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) चित्तौड़गढ़ ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के असिस्टेंट इंजीनियर (AEN) महिपाल जाटव और उनकी पत्नी सीमा यादव को गिरफ्तार किया। दोनों पर आय से 43 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। एसीबी कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

एसीबी को दंपति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने की शिकायत मिली थी। मामले की जांच एएसपी विक्रम सिंह द्वारा की गई, जिसमें पुष्टि हुई कि आरोपित महिपाल जाटव वर्ष 2016 से 2019 तक एवीवीएनएल के जूनियर इंजीनियर के पद पर सावा-शम्भूपुरा, चित्तौड़गढ़ में तैनात थे। वहीं, उनकी पत्नी सीमा यादव उस दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बानसेन, तहसील भदेसर में व्याख्याता के पद पर कार्यरत थीं।

जांच में यह सामने आया कि दोनों ने 1 नवंबर 2016 से 26 जून 2019 के बीच अपनी वैध आय से 43 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की। एसीबी ने उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाते हुए गिरफ्तारी की कार्रवाई की और उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह मुहिम आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.