अमृतसर में नशे से युवक की मौत, पुलिस कर्मी पिता ने सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

अमृतसर: पंजाब में चिट्टे (हेरोइन) के बढ़ते प्रकोप ने अब पुलिस कर्मचारियों के घरों तक भी दस्तक दे दी है। अमृतसर के गुरु नानकपुरा इलाके में एक पुलिस कर्मचारी के 26 वर्षीय बेटे की नशे की वजह से मौत हो गई। दुखद घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने युवक का शव सड़क पर रखकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

मृतक की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जो फुटबॉल खिलाड़ी था और बीएससी तक पढ़ाई कर चुका था। उसके पिता अशोक सैनी Punjab Police में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं।

घटना अमृतसर के Guru Nanakpura इलाके की है, जो Kot Khalsa Police Station के अधीन आता है। बताया जा रहा है कि युवक पहले भी नशे का आदी था और परिजनों ने उसे कई बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। हाल ही में भी उसे केंद्र से घर लाया गया था।

परिजनों के अनुसार, सुबह आकाश अपने एक दोस्त के साथ घर से बाहर गया, जहां उसने नशे का इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त वहां से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मृतक के पिता अशोक सैनी ने आरोप लगाया कि थाना इस्लामाबाद और कोट खालसा क्षेत्र में खुलेआम नशा बेचा जा रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों की जिंदगी बचानी है तो सरकार को कड़े कदम उठाने होंगे।

वहीं थाना इस्लामाबाद के पुलिस अधिकारी हरसंदीप सिंह ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर पंजाब में बढ़ते नशे के कारोबार और उससे हो रही युवाओं की मौतों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.