वीर बाल दिवस पर लखीसराय के गुरुद्वारा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

भाजपा नेताओं ने वीर शहजादों की अद्वितीय शहादत को किया नमन

लखीसराय (सरफराज आलम)।वीर शहजादों की अद्वितीय शहादत को नमन करते हुए वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा साहिब, लखीसराय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर गुरु ग्रंथ साहिब के चरणों में श्रद्धा अर्पित की।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। साक्षात गुरु ग्रंथ साहिब की पावन उपस्थिति में पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और शांति से ओत-प्रोत दिखाई दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से गुरु ग्रंथ साहिब को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि वीर बाल दिवस साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अमर प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने वर्ष 1675 ईस्वी में गुरु तेग बहादुर जी द्वारा दिए गए बलिदान को याद करते हुए कहा कि यह देश की एकता, संस्कृति और धर्म की रक्षा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी द्वारा खालसा पंथ की स्थापना ने राष्ट्रधर्म और बलिदान की परंपरा को और अधिक सुदृढ़ किया।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि माता गुजरी जी एवं दोनों साहिबजादों ने अमानवीय यातनाएँ सहकर भी धर्म और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया, जिससे भारत की आत्मा अमर हुई। वीर बाल दिवस नई पीढ़ी को देश, धर्म और मानवता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में सरदार गुरुबचन सिंह, कृष्ण लाल अजमानी, राजू सिंह, परमजीत सिंह, विक्की सलूजा, भाजपा महामंत्री सनोज साहू, नया बाजार मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, अभिषेक सिंह, आलोक सिंह सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.