बदायूँ । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को संतोष कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज, गनगोला (दातागंज) में सामूहिक विवाह कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विकासखंड दातागंज, म्याऊं, उसावा एवं समरेर के साथ-साथ नगर निकाय उसावा, अलापुर, उसैहत और दातागंज क्षेत्र के लाभार्थी जोड़े शामिल हुए।
कार्यक्रम में 145 हिंदू और 8 मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 153 जोड़ों का विवाह एवं निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में दातागंज विधायक एवं सभापति प्रतिनिधि, विधायन समिति उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ, राजीव कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और जनहितकारी योजना है, जिसके अंतर्गत गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक कराया जाता है। उन्होंने गृहस्थ जीवन को दो पहियों वाली गाड़ी बताते हुए कहा कि पति-पत्नी समान रूप से सहयोग करें तो जीवन की राह आसान बन जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ब्लॉक प्रमुख दातागंज अतेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान है, जिससे बेटियों को बोझ नहीं बल्कि सम्मान की दृष्टि से देखा जाए।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा चयनित पाँच जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र एवं उपहार सामग्री प्रदान की गई तथा पुष्प वर्षा कर सभी नव-विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन शानपूर्वक और उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार, उप जिलाधिकारी दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा, ब्लॉक प्रमुखों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।
