ग़ाज़ियाबाद : मोदीनगर भोजपुर थाना क्षेत्र से एक बड़े फर्जी पासपोर्ट रैकेट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। यहाँ फर्जी पते और जाली दस्तावेज़ों के जरिए दो दर्जन से अधिक पासपोर्ट बनवाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जाँच में पता चला है कि पासपोर्ट आवेदन में जानबूझकर गलत पते दर्ज किए गए थे और सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़ा किया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने कुछ संदिग्ध दस्तावेजों की बारीकी से जाँच की। जाँच में सामने आया कि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही बरती गई। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे नेटवर्क में डाक विभाग से जुड़े एक डाकिये की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिसने कथित तौर पर पते के सत्यापन में सहयोग किया।
पुलिस का कहना है कि इस फर्जीवाड़े के जरिए पासपोर्ट बनवाकर किन उद्देश्यों की पूर्ति की जानी थी, इसकी भी जाँच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 26 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जाँच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों का दावा है कि जाँच के दायरे को और बढ़ाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सिस्टम में मौजूद कमजोरियों को भी उजागर करता है।
