लखीसराय(सरफराज आलम)जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में 16 फरवरी 2026 को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में संपूर्णता अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की प्रगति एवं विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बताया गया कि नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 चलाया जा रहा है, जो 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा। अभियान के तहत छह प्रमुख संकेतकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। इनमें 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों का पोषण स्तर, आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग, कार्यात्मक शौचालय एवं पेयजल सुविधा, विद्यालयों में छात्राओं के लिए अलग शौचालय तथा एफएमडी (FMD) टीकाकरण शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आईसीडीएस, शिक्षा एवं पशुपालन विभाग द्वारा प्रखंड स्तर पर ऐसे विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों की सूची तैयार की गई है, जहां शौचालय और पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है। साथ ही एफएमडी टीकाकरण के लिए कार्यरत निजी वैक्सीनेटरों की सूची भी तैयार कर बैठक में प्रस्तुत की गई, जिस पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित आकांक्षी प्रखंड से जुड़े जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
