प्राथमिक शिक्षक संघ की नई ब्लॉक इकाई गठित, संजय कुमार मिश्र बने अध्यक्ष

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र (घोरावल)। ब्लॉक संसाधन केंद्र सभागार में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई का पुनर्गठन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष योगेश पाण्डेय ने ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए संजय कुमार मिश्र का नाम प्रस्तावित किया, जिसे उपस्थित सभी शिक्षकों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। मनोनयन की घोषणा के साथ ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

नई कार्यकारिणी में प्रभाशंकर मिश्र को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मिलिंद कुमार भारती को मंत्री, प्रशांत जैन को संयुक्त मंत्री तथा आयुष मिश्र को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं पूजा तोमर, प्यारेलाल और साधना सिंह को ब्लॉक उपाध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षक हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और संगठन शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर रहेगा। उन्होंने सभी को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक दीनबंधु त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री हुकुम चंद, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लवकुश शुक्ल, अखिलेश सिंह, प्रद्युम्न, रमेश मिश्र, दिवाकर तिवारी, उदय लहरी, मनोज मिश्रा, कौशल दुबे समेत बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.