मोदीनगर के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने को लेकर नगरपालिका को सौंपा गया ज्ञापन

धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने उठाई साप्ताहिक पैठ और बाहरी दुकानदारों से उपजे अव्यवस्था की समस्या

मोदीनगर: 4 जुलाई को  मोदीनगर नगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ  शहर के अनेक धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर नगरपालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कस्बा रोड, गुरुद्वारा रोड, सारा रोड, तिबड़ा रोड व निवाड़ी रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर साप्ताहिक पैठ के नाम पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर लोगों ने गहरी चिंता व्यक्त की।

ज्ञापन में बताया गया कि इन मार्गों पर ठेली-पटरी व्यवसायियों द्वारा अवैध अतिक्रमण के चलते आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी विकट हो गई है कि लोग अपने घरों तक वाहन से तो दूर, पैदल भी पहुंचने में असमर्थ हैं।

संगठनों ने मांग की है कि—

सभी मुख्य मार्गों पर पीली रेखा खींचकर बाजार को अतिक्रमण मुक्त किया जाए।

उन दुकानदारों पर सख्त कार्यवाही हो जो ठेली वालों से रुपये लेकर अवैध रूप से स्थान दिलवाते हैं।

साप्ताहिक पैठ को सुव्यवस्थित किया जाए और उनकी निश्चित सीमा तय की जाए।

बाहरी दुकानदारों व अतिक्रमणकारियों की पहचान कर उनका सत्यापन कराया जाए व उन्हें तुरंत हटाया जाए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 17 जून 2025 को भी इसी विषय को लेकर नगरपालिका चेयरमैन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से एडवोकेट अरुण कुमार, राज वर्मा, कविता चौधरी, मिंदर सिंह, दीपक और सीमा आदि शामिल रहे।

संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस पर गंभीर कार्यवाही नहीं हुई, तो वे जन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.