- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र।ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन सदर तहसील इकाई के अध्यक्ष विनोद मिश्र के नेतृत्व में पत्रकारों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सदर विधायक भूपेश चौबे को सौंपा। इस दौरान विधायक भूपेश चौबे ने पत्रकारों की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पत्रकार सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए समाज एवं शासन-प्रशासन के बीच सेतु की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें आज भी मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण का अभाव झेलना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि ग्रामीण पत्रकारों को मान्यता देने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, पत्रकार हितों की सुरक्षा के लिए जिला व मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया जाए, स्वास्थ्य एवं परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा प्रदेश स्तर की समितियों में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। इसके अतिरिक्त लखनऊ में एसोसिएशन के लिए कार्यालय भवन उपलब्ध कराने और ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं के समाधान हेतु अलग से आयोग गठित करने की भी मांग उठाई गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव ने ज्ञापन सौंपने की पहल पर तहसील अध्यक्ष विनोद मिश्र को बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जनपद के सभी विधायकों को क्रमवार रूप से ज्ञापन सौंपा जाएगा। एसोसिएशन ने आशा व्यक्त की कि सरकार ग्रामीण पत्रकारों की अहम भूमिका को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सेराज अहमद, धर्मेंद्र कुमार सिंह, संतेश्वर सिंह, जितेंद्र तिवारी, अमित कुमार, अभिषेक कुमार, रविन्द्र कुमार, रामकेश यादव, विजयशंकर पाण्डेय, सत्यनारायण मौर्य, इरफान, बृजेश सिंह, कन्हैयालाल सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
