रामपुर कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन अभियान पर हुई बैठक, अनुशासन और संवाद को बताया सफलता का मंत्र

रामपुर, 4 जुलाई: जिला कांग्रेस कमेटी रामपुर की मासिक बैठक आज कांग्रेस कैम्प कार्यालय, जौहर अली रोड, सिविल लाइंस में आयोजित हुई। यह बैठक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार संगठन सृजन अभियान, अनुशासनात्मक विषयों पर चर्चा, और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देने हेतु बुलाई गई थी।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा ‘निक्कू पंडित’ ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव एवं मीडिया कोऑर्डिनेटर उमेश दुबे ने किया।

बैठक में पूर्व विधायक एवं पूर्व राष्ट्रीय सचिव संजय ने कहा, “संगठन की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। अनुशासन और संवाद से ही कांग्रेस को फिर से ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।”
जिला समन्वयक फूलकुंवर ने कहा, “नवीन कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाकर संगठन में नई ऊर्जा का संचार करना होगा।”

जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा ने कहा, “हर स्तर पर पारदर्शिता और उत्तरदायित्व से संगठन को गतिशील बनाना हमारी प्राथमिकता है।”
AICC सदस्य मुतिउर रहमान ‘बब्लू’ ने कहा कि संगठन को आम जनमानस के साथ खड़े होकर विश्वास अर्जित करना चाहिए — यही कांग्रेस की पहचान रही है।

शहर समन्वयक उत्तम सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि “उनसे संगठन के विस्तार और मजबूती की अपेक्षा है। यही कांग्रेस के पुनर्निर्माण का मूल मंत्र है।”
शहर कांग्रेस अध्यक्ष बाकर अली खां उर्फ हारून खां ने कहा, “हमारा संगठन बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएगा।”

महासचिव एवं मीडिया कोऑर्डिनेटर उमेश दुबे ने कहा, “अनुशासन, संवाद और सक्रिय सहभागिता ही संगठन सृजन अभियान की सफलता की कुंजी है। सोशल मीडिया पर सक्रियता और समयबद्ध रिपोर्टिंग जरूरी है।”

नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरित
बैठक में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, रामपुर के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र भव्य रूप से वितरित किए गए।
प्रदेश नेतृत्व द्वारा शुभकामनाएं प्रेषित की गईं और सभी को संगठन विस्तार में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया।

संगठन को मजबूत करने का संकल्प
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सचिन त्रिवेदी, एकलव्य वाल्मीकि, नुसरत अली खान, दुर्गेश मौर्य, डॉ. जफर, मोईन पठान, कलीम अहमद, फिजा बेगम, एहसान खान राजू, सतनाम सिंह, अजीव सिंह समेत दर्जनों वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.