कैबिनेट मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक, 11 शिकायतों का हुआ समाधान
ऐलनाबाद, 31 जनवरी (डॉ एम पी भार्गव)हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में स्थानीय पंचायत भवन में शुक्रवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 15 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया, जबकि चार शिकायतें अगली बैठक के लिए लंबित रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न शिकायतों पर चर्चा की गई। पहली शिकायत गांव कालुआना में अवैध पेड़ कटाई के मामले से संबंधित थी। अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में बनी कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद मंत्री अनिल विज ने संबंधित अधिकारियों और पेड़ काटने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गांव फतेहपुर जोतांवाली निवासी संजय कुमार द्वारा सिंचाई विभाग के साइफन निर्माण संबंधी शिकायत पर मंत्री ने सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर को 15 दिनों में निर्णय लेने के निर्देश दिए।
हाउसिंग बोर्ड निवासी धर्मवीर खन्ना की शिकायत में मंत्री विज ने निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को लौटाए गए रिफंड पर ब्याज भी दिया जाए। शिकायत में बताया गया कि नियमों के तहत उन्होंने फ्लैट सरेंडर किया था, रिफंड तो मिला लेकिन ब्याज नहीं दिया गया। मंत्री ने कहा कि ब्याज देना उचित है और कार्रवाई की जाए।
बैठक में रानियां निवासी बलबीर सिंह की शिकायत पर मंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए कि संबंधित मामले में आरोपी बनाए गए व्यक्तियों का लाइ डिटेक्टर टेस्ट कराने के बाद यदि दोष साबित होता है तो फौरन कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बैठक में निर्णयों और निर्देशों के माध्यम से जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया, जिससे नागरिकों में सरकारी व्यवस्था के प्रति विश्वास और बढ़ा।
khabre junction
