मोदीनगर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक साक्षरता शिविर व मेगा कैंप का आयोजन

मोदीनगर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर तथा माननीय जिला जज विनोद कुमार रावत, अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजियाबाद के मार्गदर्शन एवं नियंत्रण में तहसील मोदीनगर के सभागार में 22 फरवरी को विधिक साक्षरता शिविर एवं मेगा कैंप के आयोजन की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजियाबाद के सचिव संजय सिंह के आदेशानुसार सभी संबंधित अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को निर्देशित किया गया। शिविर का संचालन अधिवक्ता श्री विचित्र वीर द्वारा किया गया। पैनल अधिवक्ता संजय मुदगल ने जानकारी देते हुए बताया कि मेगा कैंप के माध्यम से वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक विवाद, सेवा विवाद, शमनीय आपराधिक मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, संपत्ति विवाद, बेदखली, भूमि अधिग्रहण सहित अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटान किया जाता है।

उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए 22 फरवरी को जिला मुख्यालय गाजियाबाद में मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अधिक से अधिक वादकारियों को लाभ मिलेगा।

इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव द्वारा वन स्टॉप सेंटर यूनिट-2 का भी निरीक्षण किया गया। वन स्टॉप सेंटर की इंचार्ज श्रीमती दीपाली ने अवगत कराया कि थानों को भेजी जाने वाली रिपोर्टों पर कई बार थाना स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती तथा मोदीनगर थाने में भेजी गई रिपोर्ट की रिसीविंग प्रति भी उपलब्ध नहीं कराई जाती।

कार्यक्रम के अवसर पर उपजिलाधिकारी अजित पाल सिंह, तहसीलदार रजत सिंह, एसीपी भूषण वर्मा, केस वर्कर श्रीमती गुंजन, सपना एडवोकेट, प्रमोद, रोहन, पीएलवी नीलम वर्मा, अनुराधा, जयश्री, जया कश्यप, राहुल कुमार, अमित सेनी, उमंग किशोर, सुजल, कीर्ति सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.