राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर लखीसराय में कल भव्य पदयात्रा, सात प्रखंडों के 500 युवा होंगे शामिल

सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित अम्बेदकर स्मारक स्थल से शुरू होकर पटेल चौक तक पहुंचेगी पदयात्रा

लखीसराय। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर रविवार को लखीसराय में राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर भव्य पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। ‘मेरा युवा भारत’ (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) और जिला प्रशासन लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के सात प्रखंडों से आए करीब 500 युवा हिस्सा लेंगे।

पदयात्रा सुबह 9 बजे सूर्यगढ़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित अम्बेदकर स्मारक स्थल से शुरू होगी और लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पटेल चौक, सूर्यगढ़ा तक पहुंचेगी।

स्वच्छ भारत व पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश

युवाओं द्वारा राष्ट्रीय एकता, स्वच्छ भारत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान और पौधारोपण भी किया जाएगा। आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण यह आयोजन पूर्व निर्धारित तिथि पर नहीं हो पाया था।

डीएम और विधायक करेंगे हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ

पदयात्रा का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र तथा सूर्यगढ़ा विधानसभा के विधायक रामानंद मंडल (उद्घाटनकर्ता) द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर पटेल चौक स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर डीएम एवं अन्य वरीय पदाधिकारी माल्यार्पण करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.