अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर लखीसराय संग्रहालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मान समारोह आयोजित

लखीसराय(सरफराज आलम)अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को लखीसराय संग्रहालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके योगदान को सम्मानित करने तथा समाज में उनकी भूमिका को रेखांकित करना था।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, नौनगढ़ पंचायत की मुखिया जूली देवी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती वंदना पांडे, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता राज तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती पिंकी कुशवाहा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती वंदना पांडे तथा जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने महिलाओं के अधिकार, उनके सशक्तिकरण और समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित महिला समूहों के साथ संवाद भी किया, जिसमें महिलाओं ने अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया। जिला पदाधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, महिलाओं के उत्पीड़न, भेदभाव और हिंसा का विरोध करने तथा हर पंचायत और गांव में महिलाओं के अधिकार, सम्मान और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती शोभा देवी और श्रीमती पूनम देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जीविका से जुड़कर महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत दिल्ली से आए “द वर्ल्ड ऑफ वुमेन बैंड” के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बैंड के मुख्य कलाकारों में सुश्री रक्षा त्रिपाठी, डॉ. स्मृति बनर्जी, सुश्री पूजा अरोड़ा, सुश्री निशा बेनीवाल और श्री आदित्य नारायण शामिल थे।

इस दौरान जीविका से जुड़ी उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया। साथ ही पीएचईडी, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग, खेल विभाग सहित विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को भी सम्मान प्रदान किया गया। खेल विभाग के अंतर्गत ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, वुशु, खो-खो, जूडो और कराटे में बेहतर प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को भी जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में महिला समूहों, छात्राओं, अधिकारियों और आम नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। यह आयोजन महिलाओं के सम्मान और उनके सशक्तिकरण के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने वाला साबित हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.