पोहड़का में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती पर भव्य समारोह आयोजित

ऐलनाबाद, 13 अप्रैल (एम पी भार्गव ) संविधान निर्माता एवं ज्ञान के प्रतीक भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को गांव पोहड़का में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे डॉ. अंबेडकर भवन में हुआ जिसकी अध्यक्षता गांव की सरपंच सुमन सहारण ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जहां उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में विशेष रंग भर दिया और उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन हमें समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देता है। समारोह के समापन में आयोजकों ने सभी उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.