गांव खैरपुर की महिला बीएलओ उत्कृष्ट कार्य के लिए हुई सम्मानित

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत उत्कृष्ट कार्य करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया सम्मानित

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद चंद्र

कासगंज। कासगंज जिले की ग्राम पंचायत लहर बरकुला के गांव खैरपुर की बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) शालिनी यादव को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। उनके सराहनीय योगदान पर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रणय सिंह द्वारा उन्हें सम्मान प्रदान किया गया, वहीं ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने भी उनके कार्य की खुलकर प्रशंसा की।

गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए गए विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बीएलओ को निर्धारित समय-सीमा में मतदाता सूची को अद्यतन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस अभियान के दौरान कार्य के अत्यधिक दबाव और समय-सीमा के कारण प्रदेश के कुछ क्षेत्रों से बीएलओ द्वारा आत्महत्या जैसी दुखद घटनाएं भी सामने आई थीं। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में गांव खैरपुर की बीएलओ शालिनी यादव ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ SIR का कार्य समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया।

बीएलओ शालिनी यादव ने कड़ी धूप और विषम परिस्थितियों में घर-घर जाकर सर्वे किया तथा मतदाताओं का डाटा अपडेट करने में अथक मेहनत की। उन्होंने प्रशासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के साथ-साथ मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सम्मान प्राप्त करने के बाद बीएलओ शालिनी यादव ने बताया कि दिन में निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अधिक व्यस्त रहने के कारण सही ढंग से कार्य नहीं कर पाती थी, इसलिए उन्होंने रात-रात भर जागकर डाटा अपडेट किया, जिससे वे समय पर अपना कार्य पूरा कर सकीं। उन्होंने अपनी पंचायत के लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन महिलाओं, पुरुषों या युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और किसी कारणवश उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे 30 जनवरी तक आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।

इस उत्कृष्ट कार्य के लिए गांव के ग्रामीणों और ग्राम प्रधान ने बीएलओ शालिनी यादव की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.