- रिपोर्ट: हरीशचंद्र कासगंज
कासगंज। कासगंज जिले के मानपुर नगरिया में उत्तर प्रदेश किसान सभा जनपद कासगंज की किसानों की बैठक मानपुर नगरिया स्थित राघव मैरिज होम में आयोजित की गई। बैठक में सीपीआईएम किसान संगठन के महासचिव रवि शंकर मिश्र मुख्य अतिथि तथा खेत मजदूर यूनियन उत्तर प्रदेश के राज्य महामंत्री बी.एल. भारती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में न्योली शुगर फैक्ट्री से जुड़े गन्ना किसानों के बकाया भुगतान और घटतौली की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने मांग की कि गन्ना भुगतान 15 दिन के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आरोप लगाया गया कि मिल द्वारा दलालों का गन्ना पहले लिया जाता है, जिससे सीधे किसानों का गन्ना नहीं बिक पाता। मजबूरी में किसानों को अपना गन्ना दलालों को कम दामों पर बेचना पड़ता है।
किसान नेताओं ने मांग उठाई कि किसानों को पैगाश (खाद) भी उपलब्ध कराई जाए, जिसका उपयोग वे अपने खेतों में कर सकें। इसके अलावा आसपास के डेली बेस पर काम करने वाले मजदूरों के स्थाईकरण की मांग भी की गई।
बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों किसान मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से राजवीर सिंह, नाहर सिंह, मुकेश सिंह सोलंकी, संजय सोलंकी, ब्रह्मानंद सोलंकी, इसराइल सैफी, यादराम मौर्य, डोरीलाल, ओमप्रकाश बघेल सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे। बैठक में किसानों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
