लखीसराय में मंदिरों के संरक्षण व विकास को लेकर डीएम की अध्यक्षता में अहम बैठक,सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर

लखीसराय(सरफराज आलम)जिले के ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण मंदिरों के संरक्षण, विकास और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर गुरुवार को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में मंदिर प्रबंधन एवं विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर परिसरों की सुरक्षा, साफ–सफाई, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
डीएम ने कहा कि मंदिरों का संरक्षण केवल सांस्कृतिक धरोहर का सम्मान नहीं, बल्कि धार्मिक पर्यटन के विस्तार का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट/समिति के सचिव और अन्य सदस्यों से सुझाव लेते हुए कहा कि परिसर के सौंदर्यीकरण, आवश्यक मरम्मत कार्यों और सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में सदस्यों ने प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, शौचालय निर्माण, पार्किंग प्रबंधन, सूचना पट्टों की स्थापना और मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरा लगाने जैसी आवश्यकताओं पर अपने सुझाव रखे। जिला पदाधिकारी ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि मंदिरों में चल रहे सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएँ और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित हो, ताकि किसी भी तरह की परेशानी श्रद्धालुओं को न हो।
बैठक का समापन इस विश्वास के साथ हुआ कि प्रशासन और मंदिर प्रबंधन समिति के संयुक्त प्रयासों से लखीसराय के ऐतिहासिक मंदिरों को बेहतर सुविधाओं से लैस कर धार्मिक पर्यटन को नई दिशा दी जा सकेगी।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, वरीय उपसमाहर्ता–सह–नोडल पदाधिकारी (पर्यटन) शशि कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.