रामपुर, शाहबाज खान: 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद रामपुर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने किला परिसर से गांधी समाधी स्थल तक आयोजित मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्कूली बच्चों को मतदाता जागरूकता के संबंध में मतदाता शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने यह भी बताया कि जिन मतदाताओं का वोट छूट गया हो, वे फार्म-6 भरकर नया वोटर कार्ड बना सकते हैं।
इसके बाद सिविल लाइन स्थित जिला सहकारी बैंक सभागार में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों को शपथ दिलाई:
“हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।”
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व अधिकारी संदीप कुमार वर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, सुपरवाइजर और जनपद स्तर पर चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत निबंध, मेहंदी और स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले स्कूली छात्रों व स्कूल प्रधानाचार्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही नए मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड भी वितरित किए गए।
इस दौरान स्कूली बच्चों ने मतदाता जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गीत प्रस्तुत कर लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया। नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यरत समस्त अधिकारियों और कार्मिकों को सभी निर्वाचनों में मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई।
जनपद की समस्त तहसीलों पर भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे सभी नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
khabre junction
