रामपुर: लालपुर रुहेला तटबंध को पूर्ण करवाने को लेकर रामपुर जिला योजना समिति के सदस्य एवं जिला पंचायत के सदस्य मुस्तफा हुसैन ने सिंचाई विभाग पर मनमानी का आरोप लगाया है और किसानों से वार्ता कर रवन्ना से प्राणपुर पुल तक बांध बनवाने का अनुरोध किया है। उन्होंने ट्वीट करके अधिकारियों से प्रकरण से अवगत कराया है।
रामपुर जिला पंचायत के सदस्य मुस्तफा हुसैन ने मजरा अटरिया में कोसी नदी किनारे कई वर्ष से अधूरे पड़े तटबंध के निर्माण के लिए स्थलीय निरीक्षण किया और ग्राम वासियों से वार्ता की। ग्राम वासियों ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारी पुरानी डिजाइन के स्थान पर नई डिजाइन तैयार कर स्थानीय किसानों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि किसान अधिकारियों को सहयोग करने के लिए तैयार है। नई डिजाइन से बांध बनने पर कोसी नदी काफी दूर रह जाएगी और किसानों के चक रोड बंद हो जाएंगे और बिजली की लाइन व ट्यूबवेल भी प्रभावित होंगे।
जिला पंचायत सदस्य मुस्तफा हुसैन ने किसानों को आश्वासन दिया कि किसानों की आवाज अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी और उनको किसी भी तरीके का नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा, चाहे इसके लिए कोई भी बड़ा आंदोलन क्यों ना करना पड़े।
जिला पंचायत सदस्य मुस्तफा हुसैन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसानों से वार्ता करके कोसी नदी का तटबंध पुराने स्थान पर ही बनवाया जाए। किसान हर तरीके से सहयोग करने को तैयार हैं।
इस मौके पर ग्राम प्रधान आरिफ इकबाल, खुर्शीद अहमद, इशरत अली, नन्हे, साबिर अली, इरफान अली, फहीम अहमद, शाकिर अली आदि लोग मौजूद रहे।
