किसान यूनियन एकता सिद्धपुर के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की अगुवाई में बड़ी किसान महापंचायत आयोजित

एमएसपी गारंटी कानून और कर्ज माफी बनी मुख्य मांग 25 अगस्त को दिल्ली में बड़ी महारैली करने का ऐलान बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष पैकेज जारी करने की मांग

अमृतसर ज़िले के गांव सुहिया कलां में गुरूवार को किसान यूनियन एकता सिद्धपुर के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की अगुवाई में एक विशाल किसान महापंचायत आयोजित की गई। गांव की दाना मंडी में हुई इस रैली में हजारों किसानों ने भाग लिया और सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

रैली को संबोधित करते हुए डल्लेवाल ने कहा कि वर्ष 2000 से 2017 तक किसानों को एमएसपी का पूरा भाव न मिलने के कारण लगभग 45 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि किसानों पर मात्र 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। ऐसे में जब लूट कर्ज से कई गुना ज्यादा है, तो किसानों का कर्ज सरकार द्वारा माफ़ किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि एमएसपी की गारंटी न मिलने के चलते अब तक 7 लाख से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। इसलिए किसानों की मुख्य मांगें हैं –

एमएसपी गारंटी कानून लागू करना

डॉ. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करना

किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ़ करना

डल्लेवाल ने ऐलान किया कि 25 अगस्त को दिल्ली में बड़ी किसान महारैली आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से किसान शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ पंजाब की नहीं बल्कि पूरे देश के किसानों की है और अब यह आवाज़ दिल्ली के दरवाज़ों तक पहुंचेगी।

इसके साथ ही उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग की। डल्लेवाल ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों के किसान बाढ़ की गंभीर मार झेल रहे हैं—फसलें व ज़मीनें तबाह हो गई हैं, पशुधन व घर नष्ट हो चुके हैं। ऐसे में केंद्र और पंजाब सरकार को तुरंत मुआवजा पैकेज का ऐलान करना चाहिए।

डल्लेवाल ने चेतावनी दी कि जैसे-जैसे चुनाव 2027 नज़दीक आएंगे, राजनीतिक दल बड़े-बड़े वादे करेंगे, लेकिन अब किसान झूठे वादों से गुमराह नहीं होंगे। उन्होंने साफ कहा कि किसानों की यह जंग गैर-पार्टीबाजी आंदोलन है और उन सभी संगठनों का स्वागत है जो एमएसपी कानून, कर्ज माफी और जमीन अधिग्रहण कानून 2013 के समर्थन में हैं।

अंत में उन्होंने जिला टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह संघर्ष किसानों के हक की लड़ाई है, जो आने वाले समय में और तेज़ी से आगे बढ़ेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.