Kumari Selja: मौजूदा सीटों पर लागू हो महिला आरक्षण, पंजाब-यूपी चुनाव में कब मिलेगा लाभ? केंद्र से कुमारी सैलजा ने मांगा जवाब

Kumari Selja,Women’s Reservation Haryana (डॉ एम पी भार्गव विशेष संवाददाता ): कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने महिला आरक्षण कानून को लेकर केंद्र सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सीटों पर ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। केंद्र सरकार बताए कि पंजाब और उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं को आरक्षण का लाभ कब से मिलेगा।

सिरसा की सांसद ने कहा कि संसद ने सितंबर 2023 में महिला आरक्षण को मंजूरी दी थी, लेकिन इसके क्रियान्वयन को लेकर अभी भी स्पष्ट समयसीमा सामने नहीं आई है। सरकार को देश की महिलाओं के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें राजनीतिक प्रतिनिधित्व में एक-तिहाई हिस्सेदारी कब मिलेगी।

Child Marriage: रामपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, बालिकाओं को बांटे गए प्रमाण पत्र

महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन की शर्त क्यों?

कुमारी सैलजा ने कहा कि 20 सितंबर 2023 को लोकसभा में चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद जनगणना और परिसीमन कराया जाएगा।

उन्होंने संविधान के 106वें संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि अनुच्छेद 334क के तहत महिला आरक्षण को पहली जनगणना के संबंधित आंकड़े प्रकाशित होने और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया है।

सैलजा ने सवाल उठाया कि जब नई जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, तो परिसीमन के लिए 2011 के आंकड़ों का इस्तेमाल करने की तैयारी क्यों की जा रही है? केंद्र सरकार को इस बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

यूपी और पंजाब के विधानसभा चुनावों में महिलाओं को कब मिलेगा आरक्षण?

कांग्रेस सांसद ने कहा कि अप्रैल 2026 में इसी विषय पर लाया गया संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था। अब 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र के लिए तैयार नए प्रस्ताव में लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान बताया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का तर्क है कि इससे 2029 के लोकसभा चुनाव तक महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता खुलेगा। ऐसे में केंद्र सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उत्तर प्रदेश और पंजाब के आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं को इस आरक्षण का लाभ मिल पाएगा।

सैलजा ने सवाल किया कि यदि सरकार इन चुनावों के लिए कोई समयसीमा नहीं बता सकती तो संसद के विशेष सत्र में इतनी जल्दबाजी का आधार क्या है?

मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर मिले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण

कुमारी सैलजा ने कहा कि महिला आरक्षण का वास्तविक उद्देश्य निर्वाचित सदनों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है। परिसीमन से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और राज्यों के प्रतिनिधित्व पर व्यापक असर पड़ता है। इसलिए इतने बड़े बदलाव पर राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ खुली चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 2023 में महिला आरक्षण का समर्थन किया था और आज भी पार्टी की मांग है कि लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों, उनके वर्तमान राज्यवार बंटवारे और विधानसभाओं की मौजूदा सीटों के आधार पर महिलाओं को एक-तिहाई प्रतिनिधित्व दिया जाए।

सैलजा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण के प्रति विपक्ष की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाने से पहले केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि मौजूदा सीटों पर आरक्षण लागू करने की कांग्रेस की मांग क्यों स्वीकार नहीं की गई।

पंचायती राज संस्थाओं के खातों से 109 करोड़ की साइबर ठगी पर सरकार को घेरा

सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में पंचायती राज संस्थाओं के बैंक खातों से करीब 109 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए दिन नए घोटाले सामने आ रहे हैं और भाजपा सरकार घोटालों की सरकार बनकर रह गई है। गांवों के विकास के लिए रखी गई इतनी बड़ी रकम 523 बैंक खातों में कैसे पहुंच गई? संदिग्ध लेनदेन को समय रहते क्यों नहीं रोका गया?

कांग्रेस सांसद ने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, ठगी गई रकम की पूरी वसूली सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.