Child Marriage: रामपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, बालिकाओं को बांटे गए प्रमाण पत्र
Child Marriage-Free India Campaign Rampur: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 27 नवंबर को विकास भवन सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत हुआ। इसमें अधिकारियों ने बाल विवाह रोकने के लिए समाज के सभी वर्गों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस दौरान पात्र बालिकाओं को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
बाल विवाह सामाजिक कुरीति के साथ दंडनीय अपराध भी: पुष्पेन्द्र पटेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुष्पेन्द्र पटेल ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति होने के साथ ही दंडनीय अपराध भी है। इससे बच्चों का शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास प्रभावित होता है।
Patna: हरिवंश राय बच्चन की जयंती पर GKC की कवि संगोष्ठी, कवियों ने काव्य पाठ से दी श्रद्धांजलि
उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक देश को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझे और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करे।
स्कूलों में जागरूकता अभियान और वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश
एडीएम ने संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, स्थानीय निकायों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने शिक्षा विभाग से विद्यालयों में जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित कराने को कहा। साथ ही स्कूलों की दीवारों पर बाल विवाह के खिलाफ वॉल पेंटिंग कराने और टोल फ्री नंबर अंकित कराने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
बाल विवाह रोकने के लिए सभी को निभानी होगी जिम्मेदारी
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सेनी ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई को केवल सरकारी प्रयासों से समाप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को भी आगे आना होगा।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे बाल विवाह न करें, न होने दें और कहीं भी ऐसा मामला सामने आने पर उसके खिलाफ आवाज उठाएं।
बाल विवाह के खिलाफ दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई। सभी ने बाल विवाह न करने, न होने देने और इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय पंजाबनगर की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी। उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।
मुख्यमंत्री योजनाओं के तहत बालिकाओं को मिले प्रमाण पत्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत पात्र बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से बालिकाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने और उनके सशक्तीकरण पर जोर दिया गया।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी इला आर्या, जिला पंचायत राज अधिकारी नत्थूलाल, रामपुर रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अवतार सिंह सहित चाइल्ड हेल्पलाइन और मिशन शक्ति की टीम के सदस्य मौजूद रहे।
