Vantara: वन्यजीव संरक्षण के लिए वनतारा और मेडागास्कर सरकार के बीच 10 साल का समझौता, तस्करी के शिकार जीवों की होगी स्वदेश वापसी
Vantara-Madagascar Agreement: वन्यजीवों के संरक्षण और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में वनतारा ने मेडागास्कर सरकार के साथ 10 साल का महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत विदेशों में जब्त किए गए मेडागास्कर मूल के वन्यजीवों की सुरक्षित स्वदेश वापसी, स्वास्थ्य जांच, उपचार और उनके प्राकृतिक आवास में पुनर्वास के लिए सहयोग किया जाएगा।
इस पहल के जरिए वनतारा ने भारत के CITES प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष 19 अगस्त को किए गए अपने वादे को भी पूरा किया है। समझौते का मुख्य उद्देश्य मेडागास्कर की दुर्लभ और संकटग्रस्त वन्यजीव प्रजातियों का संरक्षण करना तथा अवैध वन्यजीव व्यापार से प्रभावित जीवों को सुरक्षा प्रदान करना है।
लीमर की 90 फीसदी प्रजातियों पर विलुप्त होने का खतरा
अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के अनुसार, मेडागास्कर में पाई जाने वाली लीमर की लगभग 90 प्रतिशत प्रजातियां विलुप्त होने के खतरे का सामना कर रही हैं। प्राकृतिक आवासों का लगातार नष्ट होना और अवैध वन्यजीव तस्करी इन प्रजातियों के अस्तित्व के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं।
ऐसे में वनतारा और मेडागास्कर सरकार के बीच हुई यह साझेदारी संकटग्रस्त वन्यजीवों के संरक्षण, पुनर्वास और उनके प्राकृतिक पर्यावरण को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
वन्यजीवों की जांच, उपचार और सुरक्षित परिवहन में करेगा मदद
समझौते के तहत वनतारा विदेशों में जब्त मेडागास्कर के वन्यजीवों की स्वास्थ्य जांच, उपचार और सुरक्षित परिवहन में तकनीकी एवं विशेषज्ञ सहयोग उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने और मेडागास्कर के स्थानीय वन्यजीव विशेषज्ञों को प्रशिक्षण देने में भी मदद की जाएगी।
इसके अलावा वनतारा राष्ट्रीय वन्यजीव बचाव एवं पुनर्वास केंद्र के निर्माण में भी सहयोग कर सकता है। इसका उद्देश्य वन्यजीवों की देखभाल और पुनर्वास के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं विकसित करना है।
वन्यजीवों को प्राकृतिक आवास में छोड़ने का फैसला मेडागास्कर सरकार का
समझौते में वन्यजीवों की उनके मूल देश में वापसी और पुनर्वास को प्राथमिकता दी गई है। हालांकि, किसी भी वन्यजीव को उसके प्राकृतिक आवास में दोबारा छोड़ने का अंतिम निर्णय मेडागास्कर सरकार ही लेगी। यह फैसला संबंधित प्रजाति की स्वास्थ्य स्थिति, सुरक्षा और प्राकृतिक वातावरण में जीवित रहने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
मूल देश में वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करना प्राथमिकता : विवान करानी
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा कि इन प्रजातियों को उनके प्राकृतिक आवास में संरक्षित करना वनतारा की दस वर्षीय संरक्षण रणनीति का प्रमुख हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता उन लोगों और संस्थाओं को मजबूत करना है, जो वन्यजीवों के मूल देशों में उनके संरक्षण के लिए काम कर रहे हैं।
इस समझौते के माध्यम से वनतारा और मेडागास्कर सरकार वन्यजीवों की तस्करी रोकने, स्थानीय संरक्षण क्षमताओं को विकसित करने और दुर्लभ प्रजातियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

[…] […]