Assembly Election 2027: रामपुर में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, डीएम ने सेक्टर और पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Rampur Assembly Election 2027: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर की बैठक सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र (सद्भावना मंडप), पनवड़िया में आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों स्वार, चमरौआ, बिलासपुर, रामपुर और मिलक (अनुसूचित जाति) के मतदान केंद्रों एवं बूथों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पानी, बिजली, रैंप, आवागमन की सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Assembly Election 2027: संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की पहचान करने के निर्देश
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन संबंधी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लें और पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करें। अधिकारी क्षेत्र में जाकर स्थानीय लोगों से बातचीत करें और पता लगाएं कि कहीं किसी मतदाता को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने या दबाव बनाकर मतदान करने से रोकने की स्थिति तो नहीं है।

उन्होंने निर्देश दिए कि जहां स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान में बाधा आने की आशंका हो, ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Assembly Election 2027: प्रत्येक मतदान बूथ का तीन बार संयुक्त भ्रमण अनिवार्य
डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक सेक्टर ऑफिसर को आवंटित 10 से 12 मतदान बूथों का सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर संयुक्त रूप से कम से कम तीन बार अनिवार्य रूप से भ्रमण करें।
भ्रमण के दौरान मतदान केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जाए। साथ ही संवेदनशील एवं क्रिटिकल बूथों को चिह्नित किया जाए। बैठक में अधिकारियों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग के संबंध में विस्तार से जानकारी भी दी गई।
Assembly Election 2027: भयमुक्त वातावरण में मतदान कराना प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि क्षेत्रीय भ्रमण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों को स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करनी होगी। प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनन्द कुमार सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने भी निर्वाचन संबंधी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा संबंधित सेक्टर ऑफिसर एवं सेक्टर पुलिस ऑफिसर उपस्थित रहे।

[…] […]