Dr Ashok Kumar Singh Book: बिहार के अंग्रेजी शिक्षक डॉ. अशोक कुमार सिंह की पुस्तक अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल
Patna Dr Ashok Kumar Singh Book: बिहार के प्रख्यात अंग्रेजी शिक्षक एवं लेखक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी चर्चित पुस्तक ‘ए मिरर ऑफ कॉमन एरर्स’ (एंग्लो-हिंदी) को अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया है। अंग्रेजी भाषा के शिक्षण और लेखन के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान को देखते हुए उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
पटना स्थित ए-वन प्रकाशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, डॉ. अशोक कुमार सिंह को अंग्रेजी भाषा पढ़ाने का 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह लंबे समय से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अंग्रेजी की शिक्षा दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में पढ़ाई करने वाले कई विद्यार्थी आज राज्य और केंद्र सरकारों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं।
डॉ. सिंह अब तक प्रतियोगी परीक्षाओं और अकादमिक शिक्षा से संबंधित 18 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। उनकी पुस्तकें बिहार और झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों में विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच लोकप्रिय हैं।

Dr Ashok Kumar Singh: 58 अंतरराष्ट्रीय पुस्तकों के अध्ययन के आधार पर तैयार हुई पुस्तक
डॉ. अशोक कुमार सिंह ने ‘ए मिरर ऑफ कॉमन एरर्स’ को 58 अंतरराष्ट्रीय पुस्तकों के अध्ययन और विश्लेषण के आधार पर तैयार किया है। पुस्तक की लोकप्रियता और गुणवत्ता के चलते इसे अमेरिका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान मिला है। इस उपलब्धि के साथ उन्हें संस्था की ओर से लाइफटाइम मेंबरशिप कार्ड भी प्रदान किया गया है। पुस्तक का संशोधित संस्करण वर्ष 2027 में प्रकाशित किए जाने की तैयारी है।
Dr Ashok Kumar Singh: परिवार का भी लेखन और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान
डॉ. सिंह की इस साहित्यिक यात्रा में उनकी पत्नी रंजना सिंह का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। उन्होंने पुस्तकों के लेखन और प्रकाशन में उनका साथ दिया है। उनकी छोटी पुत्री निशा सिंह ने लंदन स्थित क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी से एलएलएम की पढ़ाई पूरी की है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य भी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अर्थशास्त्र और गणित के शिक्षण से जुड़े रहे हैं।
