Sonbhadra: व्यापारियों की समस्याओं पर गरजे कौशल शर्मा, प्रशासन को सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन

उद्योग बंधु की बैठक में कौशल शर्मा ने उठाए तीन बड़े मुद्दे

सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने व्यापारियों एवं आमजन से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दे उठाए। उन्होंने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली, जल जीवन मिशन की बदहाल स्थिति और फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर डिपो की बसों के संचालन को लेकर अधिकारियों के समक्ष ज्ञापन सौंपा। कौशल शर्मा ने टोल प्लाजा पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने, सड़क के नियमित रखरखाव, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत तथा यात्रियों को पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने सड़क पर गहरे गड्ढों, रटिंग और खराब सर्विस लेन के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई।

कौशल शर्मा ने कहा कि बिचपई, बढ़ौली, पुसौली और उरमौरा सहित जिला मुख्यालय से सटे गांवों में हर घर नल से जल योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। कई गांवों में जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है और अनेक घरों में नल कनेक्शन तक नहीं लगाए गए हैं। उन्होंने योजना की स्थलीय जांच कराकर नियमित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर डिपो की बसों के संचालन पर रोक लगाकर निर्धारित रोडवेज परिसर से बसें चलवाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि उद्योग बंधु की बैठक में उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए, केवल औपचारिकता नहीं। उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया। बैठक में नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल, प्रतीक केसरी सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.