Kalpana Murder Case: मिर्जापुर में युवती की मौत का खुलासा, प्रेमी अरुण गिरफ्तार; कुएं में धकेलने का आरोप
Mirzapur Kalpana Murder Case: लालगंज थाना क्षेत्र के जयकर कला गांव में कुएं से बरामद 19 वर्षीय युवती कल्पना के शव के मामले में पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। पुलिस ने हत्या के आरोप में युवती के दूर के रिश्ते में चाचा लगने वाले अरुण कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Kalpana Murder Case: पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जयकर कला गांव में एक गहरे कुएं से युवती का शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार को मृतका के पिता उमाकांत कोल ने लालगंज थाने में नामजद तहरीर देकर पुत्री की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से कुएं में फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लालगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम को मामले की जांच में लगाया गया। पुलिस के मुताबिक, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद अरुण कुमार का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे चर्की बगरिहा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
Kalpana Murder Case: शादी तय होने की बात पर हुआ विवाद
रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लालगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका कल्पना और आरोपी अरुण के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी बीच अरुण की शादी दूसरी जगह तय हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर युवती ने विरोध किया।
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात दोनों के बीच मुलाकात के दौरान शादी तय होने की बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद अरुण ने युवती को पास के गहरे कुएं में धकेल दिया। कुएं में मौजूद नुकीले पत्थरों से चोट लगने और पानी में डूबने के कारण युवती की मौत हो गई।
Kalpana Murder Case: हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस दौरान लालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
UP Ranji Team Captain: आर्यन जुयाल को यूपी रणजी टीम का कप्तान चुने जाने पर मिल रही बधाइयां
