Balaji Jagran: ऐलनाबाद में श्री बालाजी के भव्य जागरण में गूंजे भजनों के जयकारे, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
Ellenabad Balaji Jagran ( एम पी भार्गव ): स्थानीय डॉ. पूर्ण चंद घोड़ेला चौक पर बीती रात्रि वीरवार को श्री बालाजी सेवा समिति वार्ड नंबर तीन ऐलनाबाद के तत्वावधान में श्री बालाजी महाराज के भव्य जागरण का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जाने-माने समाजसेवी राजीव वधवा द्वारा किया गया। इसके साथ ही, दीप प्रज्ज्वलन की रस्म सज्जन गोयल द्वारा पूरी की गई। वहीं, बाबा को माला अर्पण करने का सौभाग्य राजकुमार सरदाना और सुरेश कुमार सरदाना को प्राप्त हुआ। अतिथियों ने बालाजी महाराज की आराधना कर समिति के इस धार्मिक प्रयास की सराहना करते हुए क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
Balaji Jagran: समिति के सदस्यों और वार्ड वासियों का विशेष सहयोग
जागरण में पहुंचे प्रख्यात कलाकार जेपी स्वामी, मंगतराम गुर्जर व नरजीत कासनिया ने अपनी सुरीली आवाज और भजनों से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। कलाकारों ने बालाजी महाराज के एक से बढ़कर एक प्यारे भजन प्रस्तुत किए, जिन पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए। ‘जय श्री बालाजी’ और ‘बालाजी महाराज की जय’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भव्य जागरण के इस धार्मिक आयोजन से पूर्व सभी साध-संगत और श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (लंगर) का विशेष प्रबंध किया गया था, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
समिति के सदस्यों के सहयोग से पूरा कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस सफल और भव्य आयोजन को संपन्न कराने में श्री बालाजी सेवा समिति के सभी सदस्यों और वार्ड वासियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
