दुर्गा पूजा-दशहरा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पीस कमेटी की बैठक
• अग्नि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और सांप्रदायिक सद्भाव पर दिया जोर
- रिपोर्ट: डॉ परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव
रॉबर्ट्सगंज(सोनभद्र)। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 18 अक्टूबर को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रणधीर मिश्रा ने की, जबकि संचालन कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने किया। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने जनसुरक्षा, सांप्रदायिक सद्भाव, आमजन एवं व्यापारियों की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा दुर्गा पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। ऐसे अवसरों पर प्रशासन, पुलिस, आयोजन समितियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति निर्भय होकर पर्व मना सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
• पंडालों में बिजली सुरक्षा और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन की उठी मांग
कौशल शर्मा ने दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली के तारों, अस्थायी विद्युत कनेक्शनों और शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका को देखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने की जरूरत बताई। उन्होंने संवेदनशील स्थलों की पूर्व पहचान, प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में ग्राहकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है, इसलिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक पहुंच सुगम बनाए रखना, अनावश्यक जाम रोकना और आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ते खुले रखना जरूरी है। किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान देने के बजाय नागरिक पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। बैठक में शांति व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सहयोग बढ़ाने और संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान करने पर विचार-विमर्श किया गया। कौशल शर्मा ने नागरिकों, व्यापारियों और पूजा समितियों से आपसी भाईचारे, संयम एवं जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने तथा शांतिपूर्ण आयोजन में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान व्यापार संगठन के पदाधिकारी विनय जायसवाल सहित दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

[…] […]